नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रविवार को भारत में चाँद दिखने के बाद सोमवार को ईद मनाई जाएगी। चांद नजर आने के साथ ही पुराने शहर के बाजारों में लोग खरीदारी के लिए उमड़ पड़े। सोमवार को ईद की नमाज होगी। वहीं पुलिस, प्रशासन सड़क पर नमाज न हो इसके लिए पूरी एहतियात बरत रहे है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कोतवाली के गुजरी बाज़ार स्थित रूवियत हिलाल कमेटी मेरठ की मीटिंग ऊंची मस्जिद में हुई। शहर काजी प्रोफेसर जैनुस्सालैकीन सिद्दीकी ने ऐलान किया कि सोमवार, यानि कल ईद-उल-फितर मनाया जाएगा। शाही ईदगाह में सुबह 7.45 बजे ईद की नमाज़ होगी।
बाजार में बड़ी संख्या में महिलाएं नजर आई
घंटाघर, वैली बाजार, शारदा रोड, लालकुर्ती, बेगमपुल, आबूलेन, हापुड़ अड्डा, भगतसिंह मार्केट, पालिका बाजार से लेकर मीना बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। चांद रात के चलते पूरा बाजार गुलजार हो गया। महिलाओं ने रंगबिरंगी कांच की जोड़ियां, आटिर्फिशियल ज्वैलरी, मेंहदी, सूट, बुर्के, जोड़े, फुटवियर्स से लेकर खाने की चीजें, कुर्ते पजामे, टोपियां, चादरें, क्राकरी और घर के सजावटी सामान खरीदे। बाजार में बड़ी संख्या में महिलाएं नजर आई।
कपड़े, चप्पलों से लेकर बर्तन खरीदे
मेरठ में पालिका बाजार ईद पर खरीदारी करने का मुख्य बाजार है। यहां सिवईयों से लेकर मेवे, गिफ्ट्स, किचन आयटम, कपड़े, जूते चप्पल, खिलौनों से लेकर हर चीज आसानी से मिल जाती है। विदेशी मसाले, कश्मीरी मेवे, पाकिस्तानी डिजायन के सूट और कशीदाकारी के जोड़े भी हाई डिमांड में रहे। महिलाओं ने रातभर शॉपिंग की है।
इस अवसर पर नायब शहर काजी जैनुल राशिदीन ने मुस्लिम समुदाय से महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग समय पर ईदगाह पहुंचें और वहीं नमाज अदा करें. काजी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने से मना किया है। उन्होंने कहा कि शहर और देहात के लोग अपनी स्थानीय ईदगाह या मस्जिद में ही नमाज अदा करें। उनका कहना है कि शहर में शांति बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है।
जैनुल राशिदीन ने कहा कि ईद भाईचारे का त्योहार है। उन्होंने सभी से प्यार और मोहब्बत के साथ त्योहार मनाने की अपील की। काजी ने कहा कि हिंदू भाइयों को गले लगाकर ईद मनाएंगे, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे। नमाज के दौरान सभी नियमों का पालन करने की भी उन्होंने अपील की है।
सरधना क्षेत्र में ईद उल फितर के मौके पर प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। सड़कों और ईदगाह के बाहर नमाज अदा करने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
शहर काजी और ईद कमेटी के सदस्य लोगों से प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन करने की अपील कर रहे हैं। शहर काजी ने कहा कि मुस्लिम धर्म आपसी भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देता है। उन्होंने सभी से त्योहार को प्यार और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। मेरठ पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके पासपोर्ट रद्द किए जा सकते हैं। साथ ही उन्हें हज यात्रा से भी वंचित किया जा सकता है। इन सख्त निर्देशों के कारण क्षेत्र और नगर के जिम्मेदार लोग चिंतित हैं। वे सभी से गाइडलाइन का पालन करने और किसी भी तरह की परेशानी से बचने की अपील कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment