अजय चौधरी
नित्य संदेश, लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश महामंत्री एवं वरिष्ठ पत्रकार राधेश्याम लाल कर्ण का आज सांय 4 बजे ह्रदयाघात के कारण निधन हो गया। वे लगभग 70 वर्ष के थे और उपज के संस्थापक महामंत्री के रूप में उन्होंने संगठन की आधारशिला रखी थी। रायबरेली निवासी श्री कर्ण के निधन से पूरे प्रदेश के पत्रकारों में गहरा शोक व्याप्त है। उनकी अंतिम यात्रा शनिवार को डलमऊ गंगा घाट पर संपन्न होगी।
श्री कर्ण रायबरेली से "सृष्टि संकट" और "सृष्टि जागरण" समाचार पत्रों का संपादन-प्रकाशन करते थे। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें तत्कालीन राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया था। आज शाम उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, किंतु चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, प्रदेश सचिव अजय चौधरी ने श्री कर्ण के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने संगठन की स्थापना कर इसे प्रदेश भर में मजबूत आधार प्रदान किया।
No comments:
Post a Comment