राहुल गौतम
नित्य संदेश, मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में अनुशासन समिति, छात्र कल्याण परिषद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि के स्वागत तथा महाविद्यालय के संस्थापक सेठ श्री कनोहर लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके हुआ। तत्पश्चात मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अलका चौधरी ने मुख्य अतिथि को छात्राओं द्वारा हस्त निर्मित फ्लावर पॉट देकर स्वागत किया। प्राचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि आज का कार्यक्रम छात्राओं के लिए बहुत आवश्यक है, क्योंकि टेक्नोलॉजी पर बढ़ती हुई निर्भरता हमें कई बार गलत रास्ते की तरफ ले जाती है, इसलिए जरूरी है कि तकनीकी का सही प्रयोग किस प्रकार करें यह हमें पता होना चाहिए। इसके साथ ही इन्होंने छात्राओं को निडर बनने तथा हर चुनौती का सामना निर्भीकता से करने के लिए जागरूक किया।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि आयुष विक्रम सिंह ने सभागार में उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे जो भी हो महिलाओं को अन्याय या किसी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरुद्ध आवाज जरूर उठानी चाहिए। तभी प्रशासन से आपको सहायता प्राप्त हो सकेगी। साथ ही उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान हेतु प्रशासन, पुलिस एवं कानून व्यवस्था प्रतिबद्ध है, और वह हर समय सहायता करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर, जिसके माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके, छात्राओं के साथ साझा किया। कार्यक्रम को आगे बढ़ते हुए मुख्य अतिथि ने सबसे पहले अनुशासन समिति के वॉलेंटियर्स को अनुशासन की शपथ ग्रहण कराई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा छात्र कल्याण परिषद के वॉलेंटियर्स को शपथ ग्रहण कराई गई।
'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना की सभी स्वयंसेविकाओं को एवं सभागार में उपस्थित सभी को स्वच्छता की शपथ ग्रहण कराई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा महाविद्यालय की डीन डॉ किरन प्रदीप ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सिद्धि गुप्ता एवं डॉ अर्चना प्रिया आर्य द्वारा किया गया एवं इसमें महाविद्यालय के सभी प्रवक्ता वर्ग एवं छात्राएं उपस्थित थी।
No comments:
Post a Comment