नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना हस्तिनापुर पुलिस, मवाना पुलिस एवं स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्यवाही में हत्या के अभियोग में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन एवं आभूषण बरामद हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष हस्तिनापुर के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्यवाही की गई। थाना हस्तिनापुर पर पंजीकृत मु.अ.सं. 210/2026 धारा 103(1) बीएनएस में वांछित दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियोग में धारा 109(1) बीएनएस (पुलिस मुठभेड़) एवं 9/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
घटना का विवरण: दिनांक 13.09.2026 को ग्राम गणेशपुर निवासी विमला देवी पत्नी सुरेश चंद प्रातः करीब 05:15 बजे अपने घर से टहलने निकली थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी और मृतका के कान की सोने की बाली, गले का सोने का ओम, पैरों की पायल एवं कीपैड मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया था। घटना के अनावरण हेतु पुलिस टीमों को लगाया गया था।
मवाना-हस्तिनापुर बॉर्डर स्थित रजवाहे की पुलिया के पास दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसमें थाना मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी के दोनों पैरों में गोली लगी। दूसरा अभियुक्त कोशेन्द्र उर्फ गुल्लू फरार हो गया था, जिसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1. शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी पुत्र राजेन्द्र कश्यप, निवासी काबली गेट, चौहान चौक, मवाना, थाना मवाना, मेरठ (उम्र करीब 28 वर्ष) — घायल
2. कोशेन्द्र उर्फ गुल्लू पुत्र रोहताश, निवासी ग्राम रहमापुर, थाना बहसूमा, मेरठ (उम्र करीब 26 वर्ष)
अभियुक्त शिवम के खिलाफ मवाना, बड़ौत सहित विभिन्न थानों में छेड़छाड़, लूट, धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट के करीब सात मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी: 01 देशी तमंचा .315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस, 02 मोबाइल फोन, 01 जोड़ी पाजेब, 01 जोड़ी कान के कुण्डल।
No comments:
Post a Comment