Breaking

Your Ads Here

Thursday, October 1, 2026

जिलाधिकारी ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टांडी दौराला तथा भरोटा का किया निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने आज प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय टांडी दौराला तथा भरोटा का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षिक एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षिक समझ का परीक्षण किया।

विद्यार्थियों के उत्तरों पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया तथा बच्चों को पेन वितरित कर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था तथा विद्यालय में कराए गए रिनोवेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में कराए गए कार्यों एवं व्यवस्थाओं पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्रा रितिका पुत्री अशोक के घर पहुंचकर उसके परिवार के साथ भोजन ग्रहण किया तथा बच्चों एवं अभिभावकों से संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में मॉडल स्कूल विकसित किए जाने की दिशा में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here