नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। केसरगंज क्षेत्र की मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई थी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। इसी दौरान मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष व सपा नेता शैंकी वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार हिंदू-मुस्लिम एकता और शहर की शांति की बात रखी।
शैंकी वर्मा ने कहा कि मेरठ की पहचान भाईचारे और आपसी सौहार्द से है और किसी भी ऐसे कदम से बचना चाहिए जिससे शहर की फिजा खराब हो। उन्होंने कहा, मेरे तिलक को देखकर मेरी सोच पर सवाल उठाने वालों से मैं कहना चाहता हूं कि मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं। लेकिन मैं ऐसा हिंदू हूं जो हर धर्म का सम्मान करता है। मेरा हिंदुत्व किसी से नफरत करना नहीं, बल्कि इंसानियत और भाईचारे का सम्मान करना सिखाता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके तिलक को लेकर लगातार गलत टिप्पणियां और बयानबाजी की जा रही है तथा उन्हें ट्रोल किया जा रहा है, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा है।
शैंकी वर्मा ने कहा, मैं कल भी हिंदू-मुस्लिम एकता की बात करता था, आज भी करता हूं और आगे भी करता रहूंगा। कोई मुझे ट्रोल करे, गलत बोले या मेरे तिलक पर सवाल उठाए, मैं नफरत की भाषा नहीं बोलूंगा। मैं अपने मेरठ के लिए भाईचारे की बात करता रहूंगा।
उन्होंने कहा कि उनका संदेश साफ है, मंदिर भी सुरक्षित रहे, मस्जिद भी सुरक्षित रहे, हर धर्म का सम्मान हो और मेरठ की गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे। मुझे अपने शहर में भाईचारा कायम करने के लिए यदि अपना नाम मोहम्मद शैंकी वर्मा भी रखना पड़ा तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। हम लगातार उन लोगों के मंसूबों पर पानी फेरते रहेंगे जो इस शहर की फिजा खराब करने की कोशिश करेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी पत्र लिखा है।
No comments:
Post a Comment