Breaking

Your Ads Here

Friday, October 2, 2026

बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम) के प्रति जागरूक किया

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार बालक-बालिकाओं को बाल लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम) के प्रति जागरूक किए जाने के उद्देश्य से आज जनपद न्यायालय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 

सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद न्यायाधीश एवं अन्य सभी सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। उक्त के अनुक्रम में जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनिका वर्मा द्वारा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम), 2012 के प्रति जन-जागरूक किए जाने के उद्देश्य से ‘‘प्रभात फेरी’’ का हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया। 

प्रभात फेरी के शुभारंभ के समय सभी सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण एवं समस्त कर्मचारीगण, मध्यस्थ अधिवक्तागण, चीफ, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, मेरठ उपस्थित रहें। प्रभात फेरी जनपद न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर सर्किट हाउस, मेरठ होते हुए वापस न्यायालय परिसर तक निकाली गई। प्रभात फेरी में माननीय जनपद न्यायाधीश, मेरठ, समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक डा० पारूल वर्मा, एवं समस्त कर्मचारीगण के साथ-साथ खालसा गर्ल्स इण्टर कालिज, मेरठ, एस०एस०डी० बॉयज स्कूल, लालकुर्ती, मेरठ, एन.ए.एस. इण्टर कालिज, मेरठ तथा सैन्ट जोसेफ इण्टर कालिज के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं, पैनल अधिवक्ताओं तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पी.एल.वी) द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। 

प्रतिभागियों द्वारा पॉक्सो अधिनियम एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न जागरूकतापरक नारों एवं स्लोगन का भी उद्धघोष किया गया। इसके माध्यम से भावी पीढ़ी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के प्रति सम्मान एवं आदर की भावना जागृत करने तथा उनके सत्य, अहिंसा एवं सद्धभावना के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बच्चों को गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों को अपने हृदय में संजोकर उन्हें भावी जीवन में अपनाने के लिये प्रेरित किया गया। 

इसके साथ ही आर.जी. इंटर कॉलेज, मेरठ में “पॉक्सो जागरूकता” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से बाल सुरक्षा एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता का संदेश प्रस्तुत किया तथा एस.एस.डी गर्ल्स इण्टर कालिज एवं खालसा गर्ल्स इण्टर कालिज, मेरठ में पॉक्सो अधिनियम, 2012 एवं बाल सुरक्षा विषय पर ‘‘नुक्कड़ नाटक’’ का भी आयोजन किया गया। 

नाटक के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, उनके विधिक अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया गया। 

पेंटिग प्रतियोगिता में खालसा गर्ल्स इण्टर कालिज, मेरठ की कक्षा 9 की छात्रा अम्सा ने प्रथम, रघुनाथ गर्ल्स इण्टर कालिज, मेरठ की कक्षा 10 की छात्रा कु० निमिषा पटेल ने द्वितीय एवं कु० स्पर्श लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही नुक्कड़ नाटक में एस.एस.डी गर्ल्स इण्टर कालिज की ओर से कक्षा 11की गुनगुन सिंह, कनिष्का, तानिया, ऋतु, रोमा, अनामिका एवं इरम तथा खालसा गर्ल्स इण्टर कालिज, मेरठ की ओर से रमशा इकरम, सोदिका, मरयम, सईफा फईम, आलिया नौशाद, उमेरा गाजी, सामिया, रमशा जावेद, अलशिफा, हिफजा, रूशदा, मिसबा, राफिया एवं सादिया ने प्रतिभाग किया। 

 प्रभात फेरी का आयोजन पुलिस विभाग के समन्वय एवं सुरक्षा व्यवस्था के अन्तर्गत किया गया, जिसमें सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सहभागिता की गयी। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जन-जागरूकता का प्रसार करना रहा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here