-साधु के वेशभूषा में होने की चर्चा, मृतक की नहीं हुई पहचान, जांच जारी
नित्य संदेश ब्यूरो
रोहटा। थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब
गुर्जरों वाले तालाब के पास बाबाजी धाम के निकट बने एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का
सड़ा-गला शव पड़े होने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव और आसपास के
क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी। बताया जा रहा है कि शव साधु की वेशभूषा में
है। हालांकि, मृतक की पहचान और उसकी मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं
है।
जानकारी के अनुसार, डूंगर गांव में बाबाजी धाम के पास स्थित कुएं में शव दिखाई
देने की सूचना मिलने पर मामले को लेकर ग्रामीणों में चर्चा शुरू हो गई। शव काफी
सड़ी-गली अवस्था में होने की बात सामने आई है। इसके चलते आशंका जताई जा रही है कि
शव कई दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम
रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के मौके पर पहुंचकर
आवश्यक कार्रवाई करने की जानकारी सामने आई है। कुएं से शव बाहर निकाले जाने के बाद
ही मृतक की पहचान होने और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट होने की उम्मीद
है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उसकी मौत
किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मृतक की पहचान, उसकी उम्र और घटनास्थल तक
पहुंचने की परिस्थितियों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

No comments:
Post a Comment