Breaking

Your Ads Here

Saturday, October 10, 2026

37वीं विद्या भारती राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता: क्वार्टर फाइनल के रोमांच के बाद सेमीफाइनल लाइन-अप तय, कल होगा फाइनल का फैसला


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर चल रही 37वीं विद्या भारती अखिल भारतीय राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता अपने चरम पर पहुंच गई है। दूसरे दिन खेले गए नॉकआउट एवं क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की दौड़ में 12 सर्वश्रेष्ठ टीमें बची हैं।

विद्या भारती के 11 क्षेत्रों से आए 450 से अधिक खिलाड़ियों ने पिछले दो दिनों में अनुशासन, फुर्ती और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य श्री प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी मुकाबले भारतीय खो-खो महासंघ के नियमों के अनुसार खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा संयोजक श्री रविन्द्र मोहन जी द्वारा तीनों आयु वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों की घोषणा कर दी गई है। निर्णायक मुकाबले कल 11 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे।

सेमीफाइनल में कौन-किससे भिड़ेगा -
1. अंडर-14 (बालक वर्ग) - फाइनल से पहले फाइनल
पश्चिम क्षेत्र बनाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश

पश्चिम क्षेत्र (महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात) ने दक्षिण क्षेत्र को 3 अंक व 1 पारी से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। उनकी पकड़ और डाइविंग चर्चा में है। वहीं मेजबान पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने मध्य क्षेत्र को 11 अंक व 1 पारी के बड़े अंतर से हराकर खिताब की प्रबल दावेदारी पेश की है। घरेलू दर्शकों के समर्थन के चलते इसे इस वर्ग का फाइनल से पहले फाइनल माना जा रहा है।

2. अंडर-17 (बालक वर्ग) - उत्तर प्रदेश का दबदबा
इस वर्ग में उत्तर प्रदेश की दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं।

पहला सेमीफाइनल: पूर्व क्षेत्र बनाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश
पूर्व क्षेत्र (बंगाल, उड़ीसा) ने उत्तर क्षेत्र को 11 अंक व 1 पारी से हराया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश ने दक्षिण मध्य क्षेत्र को 6 अंकों से हराया। यह मुकाबला गति बनाम रणनीति का होगा।
दूसरा सेमीफाइनल: मध्य क्षेत्र बनाम पूर्वी उत्तर प्रदेश
मध्य क्षेत्र (मध्यभारत, महाकौशल, छत्तीसगढ़, मालवा) ने 8 अंकों से जीत दर्ज की। पूर्वी उत्तर प्रदेश (काशी, गोरक्ष, अवध, कानपुर) ने दक्षिण क्षेत्र को 2 अंक के बेहद रोमांचक मुकाबले में हराया।

3. अंडर-19 (बालक वर्ग) - दक्षिण बनाम उत्तर का महासंग्राम
पहला सेमीफाइनल: दक्षिण क्षेत्र बनाम मध्य क्षेत्र
दक्षिण क्षेत्र (तमिलनाडु, केरल) पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रहा है। उन्होंने राजस्थान को 6 अंक व 1 पारी से हराया।

दूसरा सेमीफाइनल: दक्षिण मध्य क्षेत्र बनाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश
दक्षिण मध्य क्षेत्र (आंध्र, कर्नाटका) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को 7 अंक व 1 पारी से हराकर मेजबान टीम को चुनौती दी है।

कल होगा समापन
शारीरिक आचार्य नीरज सोम एवं क्रीड़ा प्रमुख संजय सैनी ने बताया कि कल सुबह 8 बजे से सेमीफाइनल और 11 बजे से तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले होंगे। इसके बाद 11:00 बजे भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह होगा, जिसमें विद्या भारती के अखिल भारतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विजेता टीमों को ट्रॉफी, स्वर्ण पदक और राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. आशीष अग्रवाल, उप प्रबंधक डॉ. सुधांशु अग्रवाल, अरुण जिंदल, पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा सहित समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here