नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। हमारे देश में वृद्धाश्रमों की संख्या क्यों बढ़ रही है? गठबंधन सरकारें देश के विकास में बाधक हैं या ये लोकतंत्र की खूबसूरती है? नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनो, इस नारे की क्या आवश्यकता और सार्थकता है? ये कुछ ऐसे ज्वलंत प्रश्न थे जिन पर शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में हुई भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त किए। ‘वीकेंड अभिव्यक्ति’ के नाम से होने वाले इस कार्यक्रम में छात्रों ने क्विज और कविता प्रतियोगिता में भी भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में करीब एक दर्जन प्रतियोगियों के बीच अनन्या वर्मा और सक्षम गर्ग ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर सृष्टि मलिक और तीसरे स्थान पर जिज्ञासा पांडे रहीं। क्विज प्रतियोगिता में चंद्रवाहिनी ने प्रथम, सोहा खान ने द्वितीय और खदीजा खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। धनवंशी राजपूत ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए बहुत ही खूबसूरत कविता प्रस्तुत की। स्तुति दीक्षित और वंशिका शर्मा ने भी कविता पाठ किया। सभी विजेताओं को तिलक स्कूल के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया। आयोजन में डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा, कपिल कुमार, तनीषा माथुर का विशेष योगदान रहा। संचालन लवकुमार सिंह ने किया।

No comments:
Post a Comment