जिलाधिकारी के नेतृत्व में गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक निकली गई प्रभात फेरी, शहीदों को किया गया नमन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रीय भावना के साथ आयोजित किए गए। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह के नेतृत्व में गांधी आश्रम से शहीद स्मारक तक प्रभात फेरी निकाली गई। शहीद स्मारक पहुंचकर जिलाधिकारी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके उपरांत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान हुआ।
शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से देश को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमें दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करते हुए देश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। उन्होने कहा कि सभी व्यक्ति अपनेे कार्यों को पूरी तन्मयता एवं ईमानदारी से करें।
इसके उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित किये। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम में रामधुन का गायन भी किया गया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित विचार गोष्ठी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए गए। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन त्याग, सादगी, सत्य, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों को स्मरण करने का भी अवसर हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनसेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment