नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। नवरात्र और दशहरे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। परिक्षेत्र में कुल 5000 पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 सीओ, 92 निरीक्षक, 810 उपनिरीक्षक, 1455 मुख्य आरक्षी, 1715 आरक्षी, 890 होमगार्ड/पीआरडी और 2 कंपनी पीएसी शामिल है। सुरक्षा के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 61 क्यूआरटी गठित की गई हैं।
परिक्षेत्र में 390 शोभायात्राएं (मेरठ-45, बुलंदशहर-260, बागपत-35, हापुड़-50), 26 पूजा पंडाल, 27 दुर्गा प्रतिमाएं, 114 मेले/रामलीला मंचन और 112 रावण दहन के कार्यक्रम होंगे। 115 संवेदनशील/हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जुलूस मार्गों, मूर्ति विसर्जन स्थलों और रावण दहन स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर विवादों को पहले ही सुलझा लिया जाए, किसी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए। पंडालों में अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, बैरिकेटिंग, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अफवाहों पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:
Post a Comment