नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना भावनपुर पुलिस ने आभूषण से भरा बैग लूटने की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
21 अप्रैल 2026 को गढ़ रोड पर सर्राफा व्यापारी गौरव वर्मा से सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया गया था, जिस पर थाना भावनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त राहुल वेद पुत्र जोगेन्द्र वेद निवासी अम्बाला, हरियाणा को आज STF आगरा ने थाना भावनपुर पर दाखिल किया था। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि लूट में मिले आभूषणों को उसने अम्बाला में बेचकर 45 हजार रुपये हासिल किए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस उसे जिठौली निर्माणाधीन पुल के पास सीमेंट पिलर नं0-24 पर शस्त्र बरामदगी के लिए ले गई। इसी दौरान बदमाश ने बरामद तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। उसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। अभियुक्त पर मेरठ व हरियाणा में एक दर्जन से अधिक लूट, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।

No comments:
Post a Comment