Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 15, 2026

एमआईईटी में SIH-2026 का फाइनल राउंड सफलतापूर्वक संपन्न, 68 टीमों ने दिखाया नवाचार

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH)-2026 का फाइनल राउंड सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्थान में आयोजित फाइनल राउंड में चयनित 68 टीमों ने विभिन्न तकनीकी एवं नवाचार आधारित क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। SIH-2026 के लिए संस्थान में 350 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया था, जिसके बाद गहन मूल्यांकन के आधार पर 68 टीमों का फाइनल राउंड के लिए चयन किया गया।

फाइनल राउंड में प्रतिभागी टीमों ने कृषि, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, पशु विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के अभिनव समाधान और प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
फाइनल मूल्यांकन के लिए विभिन्न क्षेत्रों से उद्योग विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया। विशेषज्ञों ने टीमों द्वारा विकसित समाधानों, तकनीकी मॉडल और प्रोटोटाइप का गहन मूल्यांकन किया। मूल्यांकन पैनल में Hexaview के आकाश पनवार, AON के गौरव गोस्वामी, Fetch AI के देव चौहान और Mindbody के समर्थ आनंद शामिल रहे।

इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण और वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। डायरेक्टर डॉ संजय कुमार सिंह तथा डीन एकेडमिक्स डॉ संजीव कुमार सिंह ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्वीनर डॉ. स्वाति शर्मा, विभागाध्यक्ष, आईटी विभाग, SPOC डॉ. मुकेश रावत, ISTE कोऑर्डिनेटर राहुल शिवहरे तथा ISTE, MIET Student Chapter के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

SIH-2026 के फाइनल राउंड ने विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं पर काम करने, अपने तकनीकी कौशल को प्रदर्शित करने और नवाचार को समाधान में बदलने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here