Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 10, 2026

IBS, CCSU में दीक्षारंभ-2026 कार्यक्रम का भव्य आयोजन

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (IBS), चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आज BBA एवं BBA (Hospital Administration) के नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए ‘दीक्षारंभ-2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुआ।


कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। कुलपति महोदया ने नवागंतुक विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनसे विश्वविद्यालय एवं संस्थान के संबंध में उनकी जानकारी के बारे में प्रश्न किए। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की NAAC A++ ग्रेडिंग, NIRF रैंकिंग तथा शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित किए जा रहे नए कीर्तिमानों से अवगत कराया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे AI को अपना मित्र बनाएं, पुस्तकों का अध्ययन करें और एक अच्छे एवं जिम्मेदार इंसान बनने का प्रयास करें।


संस्थान की उप निदेशिका डॉ. अंशु चौधरी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास एवं नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिखा वशिष्ठ द्वारा किया गया। प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. मनु शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्थान की प्लेसमेंट गतिविधियों, रोजगार के अवसरों, इंडस्ट्री इंटरैक्शन, इंटर्नशिप एवं विद्यार्थियों के करियर विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।


इस अवसर पर डॉ. रविशा चौधरी ने विद्यार्थियों को विभागीय लाइब्रेरी एवं उपलब्ध अध्ययन संसाधनों की जानकारी दी। वहीं डॉ. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को विभागीय परीक्षाओं एवं परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। स्वागत उद्बोधन डॉ रवि प्रकाश ने किया एवं डॉ स्वाति अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ मनी गर्ग एवं स्वाति शर्मा ने छात्रों को एंटी रैगिंग की जानकारी दी। कार्यक्रम में BBA की कोऑर्डिनेटर डॉ. नेहा गर्ग, BBA (Hospital Administration) की कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रिया सिंह, MBA के कोऑर्डिनेटर डॉ. राहुल शर्मा एवं MBA (Hospital Administration) कोऑर्डिनेटर डॉ. मणि गर्ग मंचासीन रहे।


कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, प्लेसमेंट एवं करियर विकास से जुड़ी गतिविधियों से परिचित कराया गया तथा उन्हें उच्च शिक्षा के साथ-साथ एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here