नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहर की टूटी सड़कों, जलभराव और कूड़े की समस्या को लेकर सामाजिक संस्था हेल्पिंग यूथ फाउंडेशन (HYF) ने रविवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
संस्था के अध्यक्ष आरिफ़ इदरीशी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि बिजौट से लिसाड़ी को जोड़ने वाला 30 फुटा मुख्य मार्ग बेहद खराब हालत में है। कई जगह सड़क नजर तक नहीं आती, लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण सड़क पर पेड़-पौधे उग आए हैं। इसी तरह श्याम नगर-पिलोखड़ी रोड भी कई स्थानों पर टूटी और जर्जर है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
ज्ञापन में कमेला क्षेत्र में कूड़ा डंपिंग की समस्या भी उठाई गई। बताया गया कि जहां कूड़ा डाला जा रहा है, उसके पास ही सरकारी बालिका विद्यालय और अस्पताल स्थित है। कूड़े से फैली गंदगी और दुर्गंध से छात्राओं, मरीजों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। HYF ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिजौट-लिसाड़ी मार्ग का शीघ्र निर्माण, श्याम नगर-पिलोखड़ी रोड की मरम्मत, जलभराव का स्थायी समाधान और कमेला क्षेत्र में कूड़े की तत्काल सफाई कराई जाए। साथ ही बालिका विद्यालय और अस्पताल के आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संस्था ने कहा कि यह ज्ञापन किसी के खिलाफ शिकायत नहीं, बल्कि बेहतर मेरठ के लिए जनहित की मांग है।

No comments:
Post a Comment