Breaking

Your Ads Here

Saturday, September 12, 2026

संतुलित आहार से स्वस्थ जीवन की राह, सुभारती में पोषण माह का शुभारंभ

 

नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवन के लिए संतुलित एवं पर्याप्त पोषण बेहद जरूरी है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शहीद बाबा दीप सिंह गृह विज्ञान विभाग द्वारा ‘पोषण : स्वास्थ्य एवं कल्याण की आधारशिला’ विषय के साथ पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ज्योति गौड़, सहायक प्रोफेसर डॉ. शालू नेहरा के मार्गदर्शन में किया। इस अवसर पर आयोजित विशेषज्ञ व्याख्यान में संतुलित पोषक तत्वों के सेवन, आहार की पर्याप्तता, स्वस्थ खान-पान की आदतों तथा जीवन के विभिन्न चरणों में बदलती पोषण संबंधी जरूरतों के बारे में वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित जानकारी साझा की गई।



विशेषज्ञों ने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने का आधार है। संतुलित एवं पर्याप्त पोषण शरीर की विभिन्न शारीरिक क्रियाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के साथ पोषण संबंधी विकारों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सही पोषण व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सक्रियता और समग्र कल्याण को बेहतर बनाने में सहायक होता है।

 


प्रो. (डॉ.) ज्योति गौड़, विभागाध्यक्ष, ने पोषण शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में पोषण को लेकर वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। वहीं डॉ. शालू नेहरा, सहायक प्रोफेसर, ने कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की दिशा में प्रयास किया।

 


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सही पोषण केवल बीमारी से बचाव का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और बेहतर जीवन की मजबूत आधारशिला है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here