नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में गुरुवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने सभी संकायाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यक्तित्व एवं समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई तथा विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नशा मुक्ति के लिए हर विभाग में बनेगा ब्रांड एंबेसडर
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग में नशा मुक्ति अभियान के लिए एक ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए। ब्रांड एंबेसडर विभाग के छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
‘विश्वविद्यालय को जानें’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम
कुलपति ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों में ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किए जाएं। इसमें विद्यार्थियों को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए। विद्यार्थियों को बताया जाए कि विश्वविद्यालय में सेंट्रल लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स ग्राउंड एवं खेल विभाग जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थी इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लें।
पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी जोर
कुलपति ने सभी विभागों को पर्सनैलिटी डेवलपमेंट क्लासेस संचालित करने के निर्देश दिए। इन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके विभाग, विषय एवं विभाग में संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं संचार कौशल को विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाए।
हर विभाग में होंगी खेल गतिविधियां
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक विभाग में खेल गतिविधियों का आयोजन अवश्य किया जाए। विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो सके। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मविश्वासी, स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना भी है। इसके लिए सभी विभाग मिलकर प्रभावी एवं नियमित गतिविधियों का संचालन करें।
शनिवार को खुलेगा विश्वविद्यालय, टीचिंग रहेगी सस्पेंड
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार शनिवार को विश्वविद्यालय खुला रहेगा, लेकिन टीचिंग कार्य सस्पेंड रहेगा। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं अन्य निर्धारित कार्य पूर्ववत संचालित होंगे।

No comments:
Post a Comment