Breaking

Your Ads Here

Monday, September 14, 2026

शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में मनाया हिंदी दिवस

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अंजू सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम द्वारा अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम अधिकारी मनीषा भूषण एवं प्रोफेसर स्वर्णलता कदम के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने आपका अपना घर वृद्धाश्रम मेरठ एवं स्वामी विवेकानंद कुष्ठ आश्रम मेरठ में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेविकाओं में समाज के वंचित वर्ग के प्रति सेवा और करुणा की भावना विकसित करना था। "सेवा परमो धर्म:" के एनएसएस लक्ष्य को साकार करने हेतु छात्राओं ने टॉफी, लड्डू एवं आवश्यक दैनिक सामग्री साबुन, आटा, चावल, गुड़ का वितरण किया एवं आश्रमवासियों के साथ संवाद कर उनका हालचाल पूछा। इसके पश्चात कुमारी राधिका, रेणुका, अदीबा, शगुन, शैली, मोनिका द्वारा 'हिंदी हैं हम' एवं सुभद्रा कुमारी चौहान रचित कविताओं का वाचन किया गया। छात्राओं द्वारा "अच्युतं केशवं" भजन और "वैष्णव जन तो तेने कहिए" भजन की प्रस्तुति दी गई।



वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में छात्राओं को ले जाने का मुख्य उद्देश्य समाज के उस पक्ष को दिखाना था, जिसके लिए कहीं न कहीं हम सभी उत्तरदायी हैं। मानवीय मूल्यों के रोपण एवं संवर्धन हेतु निरंतर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी मनीषा भूषण और प्रोफेसर स्वर्णलता कदम ने कुष्ठ आश्रम में पढ़ने वाले बच्चों को हिंदी भाषा के महत्व को बताया और कहा कि हिंदी भाषा मात्र हमारी मातृभाषा नहीं बल्कि अपनी भावनाओं एवं विचारों को सरल, सहज तरीके से दूसरों तक पहुंचाने का प्रभावशाली माध्यम है। सभी आश्रमवासियों ने छात्राओं को उनकी प्रस्तुति एवं स्नेहपूर्ण व्यवहार से प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वयंसेवी छात्राओं का विशेष योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here