नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय मेरठ में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी विभाग द्वारा अत्यंत हर्षोल्लास के साथ भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह द्वारा मां शारदे पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रो. (डॉ.) सुधा रानी सिंह डी.लिट्., हिंदी विभागाध्यक्ष द्वारा किया गया। मंच संचालन शोधार्थी कृष्ण यादव ने अपनी उत्कृष्ट और प्रभावपूर्ण शैली में किया। कार्यक्रम की श्रृंखला में सर्वप्रथम बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा अनूप कौर ने मधुर सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कु. शीतल (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने अपने ओजस्वी भाषण के माध्यम से हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्रा अनूप कौर ने पुनः मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर हिंदी के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित किया, वहीं बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा शिवानी मित्तल, सुनयना और शीतल द्वारा 'हिंदी का इंटरव्यू' शीर्षक से एक लघु नाटिका में प्रभावी अभिनय करके हिंदी की आवश्यकता को दर्शाया गया। बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा कु. सोनल ने 'हिंदी माथे की बिंदी' गीत पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया।
छात्राओं की प्रस्तुति के साथ ही प्रो. (डॉ.) सुधा रानी सिंह डी.लिट्. विभागाध्यक्ष तथा प्राध्यापिका डॉ. नीता सक्सेना ने प्रभावी ढंग से स्वरचित काव्य पाठ किया। महाविद्यालय की प्राचार्या ने अपने उद्बोधन में सभी प्राध्यापकों एवं छात्राओं को हिंदी दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि 'हिंदी ने हमें विश्व में एक नई पहचान दिलाई है। हमें गर्व से इसका प्रयोग करना चाहिए।' अंत में प्रो. सुधा रानी सिंह डी.लिट्. ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ. नीता सक्सेना का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय की अधिकाधिक छात्राएं और प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment