Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 13, 2026

द्वितीय खेल महोत्सव में खिलाड़ियों में दिखा जोश, आईआईएमटी में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं



क्रॉस कंट्री, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो और थ्रोइंग इवेंट्स का हुआ आयोजन


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पंख हौसलों की उड़ान संस्था के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेल महोत्सव-2026 के अंतर्गत शनिवार को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, गंगानगर के मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। द्वितीय खेल महोत्सव के तहत क्रॉस कंट्री, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो और थ्रोइंग इवेंट्स प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईआईएमटी के प्रो-चांसलर मयंक अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से खिलाड़ी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं, इससे इस खेल महोत्सव की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। आज के यही प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक पंख हौसलों की उड़ान संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष कु. भावना शर्मा एवं खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी हैं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अजय भराला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कैंट बोर्ड की पूर्व उपाध्यक्ष वीना वाधवा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है।


भाजपा के महानगर महामंत्री विनय कुमार पाराशर ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शारीरिक शिक्षा विभाग के संकाय प्रमुख डॉ. वीरेंद्र सिंह पटियाल ने कहा कि संस्था प्रतिवर्ष खेल महोत्सव के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, जो उत्कृष्ट कार्य है। इस अवसर पर महिला समन्वयक दीपशिखा राघव, थ्रोइंग इवेंट्स संयोजक कवितपाल, अंशुली चौरसिया, कबड्डी संयोजक जयप्रकाश, क्रॉस कंट्री संयोजक ब्रजमोहन मावी, धीरज कुमार, फुटबॉल संयोजक सिद्धार्थ राठी, ललित कुमार, ताइक्वांडो संयोजक कु. चंदन और ज्योति सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here