-सोमवार को होगी बप्पा की स्थापना, शहर में 74 स्थानों पर होंगे बड़े आयोजन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गणेश चतुर्थी को लेकर मेरठ में उत्साह चरम पर है। बाजारों में रौनक लौट
आई है और गणपति बप्पा की विदाई के बाद स्थापना की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार
गणेश स्थापना का पर्व 14 सितंबर, सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
विसर्जन 25 सितंबर को होगा।
शहर के थापर नगर बाजार में गणेश चतुर्थी की रौनक देखते ही बन रही है। दुकानों
पर विभिन्न मनमोहक स्वरूपों में सजी गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी जोरों पर है।
श्रद्धालु अपने बप्पा को प्रेम से चुनकर घर ले जा रहे हैं। अगर आप महाराष्ट्र के
सिद्धिविनायक मंदिर नहीं जा पा रहे हैं तो मेरठ के वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित श्री
सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन कर सकते हैं। इस मंदिर को महाराष्ट्र के
सिद्धिविनायक मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। यहां भगवान गणेश सपरिवार विराजमान
हैं। रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ की मूर्तियां भी साथ हैं। मंदिर में भगवान के प्रिय
विशाल मूषक महाराज भी हैं। मान्यता है कि मूषक के कान में मन्नत मांगने पर इच्छा
पूरी होती है। गणेश चतुर्थी पर यहां विशेष पूजा और भंडारे का आयोजन होगा।
स्थापना का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, स्थापना के लिए सुबह 9:05 से 10:13 बजे तक शुभ
चौघड़िया और 10:18 से दोपहर 1:17 बजे तक वृश्चिक स्थिर लग्न रहेगा। सुबह 7:30 से
9:00 बजे तक राहुकाल में स्थापना से बचना चाहिए।
मिट्टी की प्रतिमा को प्राथमिकता
आचार्यों ने मिट्टी की प्रतिमा को प्राथमिकता देने की सलाह दी है, ताकि
विसर्जन के बाद जल प्रदूषण न हो। पीले और लाल रंग की, बायीं ओर सूंड वाली बैठी
प्रतिमा को घर के लिए शुभ माना गया है। पूजा में दूर्वा और मोदक का विशेष महत्व
है। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेरठ रेंज में 168
स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित होंगी और विसर्जन के लिए 34 घाट चिन्हित किए गए हैं।

No comments:
Post a Comment