• 12 सूत्रीय मांगों पर सहमति, ब्राह्मण आयोग और आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठी मांग
नित्य संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के तत्वावधान में शनिवार को जनपद में विशाल ब्रह्म समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक संजीव शर्मा ने की। समागम का नेतृत्व महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. आरडी शर्मा एवं राष्ट्रीय महासचिव व कार्यक्रम संयोजक पं. आदेश फौजी ने किया।
समागम में बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए। उन्होंने ब्राह्मण समाज को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। ऐसे समागम सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को सशक्त करते हैं और समाज को सेवा, सद्भाव और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पं. आदेश फौजी ने कहा कि ब्राह्मण समाज की 12 सूत्रीय मांगों पर विभिन्न ब्राह्मण संगठनों ने सहमति जताई है। इन मांगों को भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। प्रमुख मांगों में ब्राह्मण आयोग का गठन, यूजीसी कानूनों में संशोधन और आर्थिक आधार पर आरक्षण आदि शामिल हैं। इस पावन अवसर पर पूज्य पीठाधीश्वर जयभगवान शर्मा सहित कई संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, विधायक धर्मेंद्र भारद्वाज, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन विमल शर्मा, राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक सुनील भराला, मरघट वाले हनुमान मंदिर के महंत पं. वैभव शर्मा, पार्षद राजीव शर्मा सहित हजारों परशुराम वंशज और सैकड़ों मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment