Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 17, 2026

गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश मौसी के घर से गिरफ्तार

लूट के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज था मुकदमा

इकराम चौधरी
नित्य संदेश, किठौर (मेरठ)। थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त गिरोह बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने के मामले में वांछित था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसकी मौसी के घर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जोनी उर्फ जहाज पुत्र सतपाल निवासी ग्राम कुली मानपुर, थाना भावनपुर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार करीब छह माह पूर्व अभियुक्त अंकित पुत्र राकेश निवासी ग्राम कुली मानपुर, थाना भावनपुर, उसके गैंग सदस्य जोनी उर्फ जहाज तथा तसलीम पुत्र इदरीश निवासी ग्राम कुली मानपुर ने कथित रूप से संगठित गिरोह बनाकर एक व्यक्ति से 23 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की कथित समाज विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसी क्रम में दिनांक 14 सितंबर 2026 को थाना किठौर में मु0अ0सं0 377/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार गैंगस्टर एक्ट के इस मुकदमे में अभियुक्त अंकित पुत्र राकेश और तसलीम पुत्र इदरीश पहले से ही जेल में निरुद्ध हैं, जबकि जोनी उर्फ जहाज फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना किठौर पुलिस लगातार तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान 15 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित जोनी उर्फ जहाज अपनी मौसी के घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना किठौर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को मौसी के घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जोनी उर्फ जहाज के खिलाफ पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना किठौर में गैंगस्टर एक्ट के अलावा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि थाना मवाना और थाना भावनपुर में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, तोड़फोड़, घर में घुसने और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस रिकॉर्ड में सामने आई है।

अभियुक्त के खिलाफ दर्ज मामलों में थाना किठौर का मु0अ0सं0 377/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, मु0अ0सं0 135/2026 धारा 309(4)/317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 97/2026 धारा 303(2) बीएनएस शामिल हैं। इसके अलावा थाना मवाना में वर्ष 2023 का एक मामला तथा थाना भावनपुर में वर्ष 2023 और 2024 के दो मुकदमे दर्ज हैं।

जोनी उर्फ जहाज की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 विवेक प्रताप सिंह, उ0नि0 नितिन कुमार, उ0नि0 नितेश वाजपेयी, का0 3136 रविकान्त और रि0 का0 4193 मुकुल चौधरी, सभी थाना किठौर शामिल रहे। थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here