नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बुलडोजर नीति, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, एक्सप्रेस-वे के नाम पर कथित घोटाले तथा शास्त्री नगर के व्यापारियों की समस्याओं का समाधान न किए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मेट्रो प्लाजा स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाते हुए एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन शर्मा के हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मेट्रो प्लाजा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि शास्त्री नगर के व्यापारियों को सरकार द्वारा राहत देने के बजाय लगातार झूठे आश्वासन दिए जात्ते रहे हैं। जबकि व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने यूपीआई के नाम पर आम जनता के पैसों और आर्थिक संसाधनों को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हित में इस्तेमाल किए जाने का भी विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ता शाम करीब 4 बजे से ही मेट्रो प्लाजा के आसपास एकत्रित होना शुरू हो गए थे। महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा के हाउस अरेस्ट के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, तानाशाही और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने हाउस अरेस्ट के दौरान अपने निवास से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी जी का सिपाही है और जनता के अधिकारों तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि जोर-जुल्म, महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा। सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को उठाएं और हर अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें।
रंजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं का समाधान चाहती है तथा कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर मजबूती से अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाउस अरेस्ट लोकतंत्र की आवाज को रोक नहीं सकता। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने संकल्प के साथ जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, महेंद्र गुर्जर, कमल जायसवाल, सलीमुद्दीन शाह, अनिल अरोड़ा, आशीष जाटव, पीयूष रस्तोगी, तेजपाल डाबका, श्याम सिंह, संदीप शर्मा, के.डी. शर्मा, शोएब साबरी, राजकुमार शर्मा, बबीता गुर्जर, रीना शर्मा, मंजू चौधरी, नरेश नेगी, प्रवेश पालीवाल, गफ्फार मलिक, राजू मेहरोल, डॉ. इकबाल अहमद, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment