‘खेल संवाद’ एवं ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ट्रेडिशनल खेल’ में भारतीय खेल परंपरा, खिलाड़ियों और खेलों के भविष्य पर हुआ सार्थक मंथन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भारतीय पारंपरिक खेलों की समृद्ध विरासत, खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को समर्पित ‘खेल संवाद’ एवं ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ट्रेडिशनल खेल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों ने भारतीय पारंपरिक खेलों को नई पहचान देने तथा युवा खिलाड़ियों को उनसे जोड़ने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल डॉ. दीप अहलावत, कुलपति, मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ ने कहा कि भारत के पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति, जीवनशैली और गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। इन खेलों को आधुनिक खेल व्यवस्था से जोड़कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं और उनकी सफलता भारत की बढ़ती खेल शक्ति का प्रमाण है। क्रीड़ा भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकर जी ने भारतीय खेल परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण, नेतृत्व और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का प्रभावी साधन हैं।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अलका तोमर एवं पूनम विश्नोई ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों के संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं सांसद टीवी से रामबीर ने और डॉ योगेश, डॉ. गौरव कुमार भी खेल और खिलाड़ियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद में सहभागिता की। ‘खेल संवाद’ में भारतीय पारंपरिक खेलों के संरक्षण, संवर्धन, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा भारत को वैश्विक खेल शक्ति के रूप में स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि भारत की पारंपरिक खेल विरासत केवल अतीत की पहचान नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल खेल भविष्य की मजबूत नींव है। जरूरत है कि इन खेलों को नई पीढ़ी, आधुनिक तकनीक और व्यापक खेल मंच से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई प्रदान की जाए। क्षेत्रीय सह संयोजक डॉ संदीप त्यागी एवं प्रांत उपाध्यक्ष डॉ मौसम, एवं प्रांत योग प्रमुख जगत सिंह दौसा, ललित कुमार, मनीष कुमार उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन प्रांत मंत्री राजन कुमार जी ने किया ,।।

No comments:
Post a Comment