Breaking

Your Ads Here

Friday, September 18, 2026

विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

 नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विगत बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त सीएचसी एवं पीएचसी की सीएमओ कार्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। कार्य में लापरवाही बरतने के कारण उन्होने समस्त एआरओ का वेतन अग्रिम आदेशो तक बाधित करने के निर्देश दिये। 


जिलाधिकारी ने समस्त सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, भोजन, उपचार की गुणवत्ता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों एवं लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में होना चाहिए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ निर्धारित समयावधि में पहुंचाया जाए। उन्होने आशा कार्यर्त्रियो का भुगतान समय पर कराने के निर्देश दिये। 


जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नई गाइडलाइन के अनुसार अस्पतालों की सूचीबद्धता एवं पात्रता की जांच करते हुए शासनादेश के अनुरूप सूचीबद्धता की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय, यूनिसेफ, एम्बुलेंस, डब्ल्यूएचओ एवं यूएनडीपी से संबंधित प्रगति रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उन्होने अंगदान व नशामुक्त की शपथ दिलाई। 


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here