Breaking

Your Ads Here

Friday, September 25, 2026

सिपाही पर किशोरी ने लगाए गंभीर आरोप, शादी का झांसा, दुष्कर्म और धमकी की शिकायत



तरुण आहूजा
नित्य संदेश, मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने आगरा में तैनात यूपी पुलिस के एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, किशोरी की सिपाही से स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी। करीब दो महीने बातचीत के बाद सिपाही ने उससे शादी करने का वादा किया। किशोरी का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद सिपाही उसे होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि सिपाही ने मेरठ के अलावा आगरा में भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

किशोरी के अनुसार, सिपाही ने उसका कथित वीडियो भी बनाया। करीब एक महीने पहले सिपाही उसे रोहटा रोड पर बुलाकर एक होटल ले गया। वहां शादी की बात कहने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सिपाही ने सरकारी पिस्टल दिखाकर डराया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने अपने माता-पिता को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता का आरोप है कि उसने कंकरखेड़ा और लोहियानगर थाने में शिकायत की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उसका यह भी दावा है कि शिकायत की जानकारी आरोपी और उसकी मां तक पहुंच गई, जिसके बाद दोनों थानों में पहुंचकर उसके साथ मारपीट की गई।

पीड़िता ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत की जांच सीओ महिला थाना को सौंपी गई है और आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, अधिकारियों के मुताबिक सिपाही की ओर से भी किशोरी के खिलाफ कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाने की शिकायत दी गई है, जिसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जुड़े आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

स्रोत: दैनिक प्रतिज्ञा 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here