
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। आगामी अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले ऐतिहासिक झांकी चल समारोह को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा आज सम्पूर्ण झांकी मार्ग का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने भंडारी ब्रिज चौराहे, एमजी रोड, नंदलालपुरा, जवाहर मार्ग, गौराकुंड चौराहा से लेकर राजबाड़ा होते हुए नगर निगम मुख्यालय तक झांकी मार्ग का निरीक्षण कर निगम स्तर से की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त आकाश सिंह, प्रखर सिंह, अभय राजनगांवकर, श्रृंगार श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारी, क्षेत्रीय जोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुक्त सिंघल द्वारा भंडारी ब्रिज चौराहा, श्रम शिविर, चिंकमंगलूर चौराहा, जेल रोड, नावेल्टी मार्केट, जेल रोड चौराहा, एमजी रोड स्थित अग्रवाल स्टोर्स, मृगनयनी चौराहा, कृष्णपुरा छत्री, नंदलालपुरा रोड, फुट मार्केट, जवाहर मार्ग, गुरुद्वारा चौराहा, बंबई बाजार, नृसिंह बाजार चौराहा, कपड़ा मार्केट, सीतलामाता बाजार, एमजी रोड खजूरी बाजार रोड, राजबाड़ा सहित झांकी मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकी चल समारोह से पूर्व आवश्यकतानुसार। सड़क पेचवर्क एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाएं। मार्ग पर विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि झांकी चल समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त सिंघल ने झांकी मार्ग एवं आसपास स्थित जर्जर एवं खतरनाक भवनों का चिन्हांकन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा ऐसे भवनों पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे झांकी चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि झांकी मार्ग की सभी व्यवस्थाओं का सतत निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही चल समारोह के दौरान भी संबंधित विभागों की टीमें मार्ग पर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।
No comments:
Post a Comment