मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के गरिमामयी मार्गदर्शन में परिसर स्थित सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) में मंगलवार को तीन दिवसीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) का भव्य शुभारंभ हुआ।
उद्घाटन के इस अवसर पर इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के डीन प्रो. आर.के. सोनी तथा संस्थान के निदेशक डॉ. नीरज सिंघल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि "समाज की प्रगति और कल्याण के लिए तकनीकी प्रगति अत्यंत आवश्यक है, लेकिन इसके साथ ही नैतिक मूल्यों और नैतिकता (Ethics) को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।" इसके पश्चात स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन की एसपीओसी (SPOC) एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. निधि चौहान ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि "स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन युवा प्रतिभाओं के लिए नवाचार (Innovation) का एक नया और प्रभावी मार्ग है। इसके माध्यम से देश के युवा मन अपनी तकनीकी सोच से समाज में एक सकारात्मक और बड़ा बदलाव ला सकते हैं।"
उद्घाटन अवसर पर संस्थान के एडम ब्लॉक स्थित कमेटी रूम में शुरुआती दौर की टीमों ने अपने विचारों को सामने रखा। छात्रों ने पावरपॉइंट प्रस्तुतियाँ (पीपीटी) और अपने प्रोजेक्ट्स के वास्तविक प्रोटोटाइप (Prototype) भी प्रदर्शित किए।
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन केंद्र सरकार की एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभागों और उद्योगों द्वारा दी गई वास्तविक समस्याओं पर छात्र तकनीकी समाधान विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. शोभित सक्सेना ने आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में डॉ गौरव त्यागी, डाॅ कवि भूषण ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के समन्वयक प्रताप कुमार रहे, जबकि अकशा झा और अंश शाक्या ने सह-समन्वयक के रूप में भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सुचारू और सफल संचालन में 16 स्टूडेंट वॉलंटियर्स (Student Volunteers) ने अपना सक्रिय सहयोग दिया। तीन दिनों तक चलने वाले इस हैकाथॉन में आगे के विभिन्न सत्रों के दौरान छात्र अपने व्यावहारिक एवं तकनीकी समाधान और प्रोटोटाइप प्रस्तुत करेंगे।
No comments:
Post a Comment