नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना मवाना क्षेत्र में पुलिस और गौकशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गौ तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से पुलिस ने एक जीवित गौवंश (बछड़ा), अवैध तमंचा और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
एसएसपी मेरठ के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी ग्रामीण और सीओ मवाना के निर्देशन में थाना मवाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटौरा रोड रजवाहे की पटरी पर गन्ने के खेत में दो व्यक्ति एक बछड़े को काटने की तैयारी में खड़े हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मवाना ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान बिलाल पुत्र रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू निवासी ईदगाह बाईपास रोड, मोहल्ला कल्याण सिंह, मवाना के रूप में हुई। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर सीएचसी मवाना में भर्ती कराया गया। उसका साथी भूरा उर्फ जावेद पुत्र महफूज उर्फ चाटू निवासी फलावदा रोड, मवाना मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है।
बरामदगी -
पुलिस ने मौके से 01 जीवित बछड़ा, 01 तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर, 02 छुरी, 01 सुम्मा और 01 दाब बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बिलाल पर पहले से ही गौवध निवारण अधिनियम सहित 4 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि फरार भूरा उर्फ जावेद पर गौवध, मारपीट, जानलेवा हमला और गुंडा एक्ट सहित 7 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों शातिर गौकश हैं।
इस संबंध में थाना मवाना पर मु0अ0सं0 311/2026 धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 आयुध अधिनियम व 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौवध निवारण अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
No comments:
Post a Comment