Breaking

Your Ads Here

Saturday, September 5, 2026

पीवीएनएल एमडी ने किया तीन विद्युत उपकेन्द्रों का औचक निरीक्षण



अनुरक्षण माह के कार्यों की समीक्षा, निर्बाध आपूर्ति और जलभराव से निपटने के दिए निर्देश


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक आईएएस रवीश गुप्ता ने अनुरक्षण माह के तहत आज मेरठ और मोदीनगर के बिजलीघरों का औचक निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। एमडी ने 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र उद्योगपुरम मेरठ, मोहिउद्दीनपुर मेरठ एवं मोदीनगर स्थित गोविन्दपुरी उपकेन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपकरणों के मानक अनुरूप अनुरक्षण और बरसात के दौरान जलभराव से निपटने के लिए पुख्ता तैयारी रखने के निर्देश दिए।


उद्योगपुरम उपकेन्द्र में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुरक्षण माह के अंतर्गत चिन्हित सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। बिजलीघर और यार्ड में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मोहिउद्दीनपुर उपकेन्द्र में उन्होंने पावर ट्रांसफार्मर, विद्युत लाइनों और वितरण परिवर्तकों की जांच की। उन्होंने कहा कि उपकरणों के अनुरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अनुरक्षण कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए।


मोदीनगर के गोविन्दपुरी उपकेन्द्र में एमडी ने पावर ट्रांसफार्मर के ऑयल, अर्थिंग, लोड सहित विभिन्न पैरामीटरों, प्रोटेक्शन यूनिट, कंट्रोल रूम, स्विच यार्ड एवं अन्य विद्युत उपकरणों के अनुरक्षण की स्थिति की जांच की और रिकॉर्ड व साफ-सफाई का जायजा लिया। एमडी ने कहा कि सभी उपकेन्द्रों, यार्ड और संबंधित लाइनों का नियमित अनुरक्षण कराया जाए ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here