Breaking

Your Ads Here

Monday, September 14, 2026

मेरठ में 14 से 19 सितंबर तक चलेगा मिशन सेफ फ्यूचर-3.0, स्कूली वाहनों की होगी सघन जांच

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कार्यालय संभागीय परिवहन अधिकारी, मेरठ संभाग द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद मेरठ में मिशन सेफ फ्यूचर-3.0 के अंतर्गत दिनांक 14 सितंबर 2026 से 19 सितंबर 2026 तक स्कूली वाहनों की सुरक्षा एवं छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के दृष्टिगत विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।


अभियान के दौरान परिवहन विभाग द्वारा जनपद के विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण करते हुए विद्यालयों में संचालित एवं अनुबंधित स्कूली वाहनों की गहन जांच की जाएगी। विशेष रूप से वाहनों की वैध फिटनेस, पंजीयन, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच के साथ-साथ निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। जांच के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति (School Transport Safety Committee) का गठन किया गया है तथा समिति द्वारा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



स्कूली वाहनों में निर्धारित परिचर (Attendant) की उपलब्धता, छात्राओं के परिवहन की स्थिति में महिला परिचर की व्यवस्था तथा वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन आदि की भी जांच की जाएगी। अनफिट वाहनों अथवा निर्धारित आयु सीमा पूर्ण कर चुके वाहनों के संचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।



अनफिट एवं नियमविरुद्ध वाहनों पर होगी कार्रवाई


परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अनफिट अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी स्कूली वाहन का संचालन स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत नियमानुसार चालान, निरुद्धीकरण तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अभियान से पूर्व अपने सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं वैधानिक अभिलेखों की जांच करा लें तथा यह सुनिश्चित करें कि बच्चों के परिवहन में केवल निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले वाहन ही संचालित हों।



अभिभावकों से अपील


परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए ऐसे वाहनों का ही प्रयोग करें जिनकी फिटनेस वैध हो, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जा रहा हो। किसी भी असुरक्षित अथवा नियमविरुद्ध स्कूली वाहन के संबंध में संबंधित परिवहन कार्यालय को सूचना देकर सहयोग किया जा सकता है। परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल प्रवर्तन कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं अभिभावकों के समन्वित प्रयास से स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। समस्त विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं स्कूल वाहन संचालकों से अपील है कि मिशन सेफ फ्यूचर-3.0 को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा सड़क सुरक्षा एवं छात्र सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here