Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 3, 2026

दादी के सामने ढाई साल के पोते की बस से कुचलकर मौत, हंगामा

 


-एसपी देहात, सीओ सदर देहात पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे घटनास्थल पर


रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। गुरुवार सुबह क्षेत्र में खुशी का माहौल उस समय गम में बदल गया, जब एक दादी अपनी पोती को स्कूल बस में बैठा रही थी, तभी उसका ढाई साल का पोता बस की चपेट में आकर कुचल गया। हादसे में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार, मामला ग्राम आलमगीरपुर बढला निवासी प्रिंस पुत्र विजयपाल के परिवार से जुड़ा है। बताया गया कि प्रिंस की मां उर्मिला अपनी 7 वर्षीय पोती जसमीत को गांव के रास्ते पर खड़ी स्कूल बस में बैठा रही थीं, जैसे ही पोती को बस में बैठाया, तभी साथ में आया ढाई साल का मासूम नवनीत बस के टायर के नीचे आ गया और कुचल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित परिजन बच्चे के शव को लेकर थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।



भाकियू जिलाध्यक्ष पहुंचे मौके पर

मामला बढ़ता देख थाना प्रभारी केदार सिंह ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर एसपी देहात अभिजीत सिंह, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह, थाना प्रभारी भावनपुर जोगेंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी भी दर्जनों समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए, जहां काफी देर तक नोक-झोंक हुई।


दोनों पक्षों में हुआ समझौता

बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। समझौते के तहत स्कूल प्रबंधन द्वारा मृतक की बहन को निःशुल्क शिक्षा देने का वादा किया गया, जिस पर पीड़ित पक्ष सहमत हो गया। हादसे के बाद मृतक के दादा विजयपाल और मां पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी केदार सिंह ने पंचनामा भरने के बाद कार्रवाई न करने पर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद ग्रामीण गांव लौट गए। इस दौरान क्षेत्र के भाजपा नेता प्रधान साबे सिंह, पपीत चौधरी, सुंदर चौधरी, जगदीश, शकील अहमद आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here