नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मेरठ में आज शास्ता मंडल के तत्वावधान में स्नातक प्रथम वर्ष की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए 'दीक्षारम्भ' अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कला, विज्ञान एवं वाणिज्य तीनों संकायों की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. अंजू सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। सीनियर एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का रोली-टॉफी से स्वागत किया। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति ने सरस्वती वंदना नृत्य और छात्रा भूमिका ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. अंजू सिंह ने छात्राओं का स्वागत करते हुए नियमित उपस्थिति और अच्छे नागरिक बनने पर जोर दिया।
मुख्य शास्ता प्रो. लता कुमार ने अनुशासन एवं एनसीसी, प्रो. भारती दीक्षित ने करियर काउंसलिंग, प्रो. अनुजा गर्ग ने रेंजर्स, डॉ. गीता चौधरी ने 'सारथी' मेंटरशिप प्रोग्राम, प्रो. एसपीएस राणा ने नई परीक्षा प्रणाली [75 में से 25 अंक उत्तीर्ण], प्रो. मोनिका चौधरी ने एनएसएस व आंतरिक परीक्षा, डॉ. पारुल मलिक ने छात्रवृत्ति योजना, प्रो. मंजू रानी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी। डॉ. कुमकुम ने विज्ञान संकाय, डॉ. नितिन चौधरी ने माइनर-मेजर विषय व क्रीड़ा और डॉ. आवेश कुमार ने लक्ष्य, समर्पण व अनुशासन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य शास्ता प्रो. लता कुमार ने किया तथा संचालन डॉ. आशीष पाठक ने किया। इस अवसर पर शास्ता मंडल के सभी सदस्य एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment