नित्य संदेश, इंदौर। जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को बड़े गणपति चौराहे से यादव समाज की रजत जयंती विशाल शोभायात्रा बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति, युवा और समाजजन शामिल हुए तथा भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर भक्तिमय माहौल में आनंद लिया।
यात्रा का शुभारंभ होने से पहले यात्रा संरक्षक दीपू यादव ने विधायक मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय, मुन्नालाल यादव, हरिनारायण यादव, विनितिका यादव, कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने रथ को खींचकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित 7 मनोहारी झांकियां रहीं। इनमें द्रोपदी चीरहरण, गोवर्धन पर्वत, कालिया नाग मर्दन, रासलीला सहित अन्य प्रसंगों की जीवंत प्रस्तुतियां शामिल थीं। राजस्थान के कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं भजन सम्राट गन्नू महाराज ने अपनी मधुर वाणी से एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर ओंकार यादव, रमेश यादव उस्ताद, नरेश यादव, बब्बू यादव, सुभाष यादव, कल्लन यादव सहित समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।




No comments:
Post a Comment