नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के मेडिकल एड सेंटर द्वारा दो दिवसीय निशुल्क "स्वास्थ्य परामर्श एवं निदान शिविर" का शुभारंभ किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 11 से दोपहर 2 बजे तक किया गया।
यह शिविर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिवस Dr. Akansha's Homoeopathic Clinic की डॉ. आकांक्षा (B.H.M.S., D.N.H.E.) द्वारा छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को होम्योपैथिक स्वास्थ्य परामर्श एवं निदान की सुविधा प्रदान की गई। शिविर में लगभग 100 प्रतिभागियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझते हुए होम्योपैथी के माध्यम से व्यक्तिगत परामर्श दिया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली एवं निवारक स्वास्थ्य उपायों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य होम्योपैथी के साथ महिला स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना तथा सभी के लिए सुलभ स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि होम्योपैथी प्राचीन चिकित्सा विधि है, जिसके द्वारा किसी भी रोग को जड़ से समाप्त करने की कोशिश की जाती है तथा इसके परिणाम दूरगामी होते हैं। इसीलिए यह शिविर छात्राओं में होम्योपैथी चिकित्सा के प्रति जागरूकता के लिए आयोजित किया जा रहा है।
मेडिकल एड सेंटर की प्रभारी प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि दो दिवसीय शिविर के द्वितीय दिवस 15 सितंबर 2026 को वरदान आयुर्वेदिक नेचुरल संस्था की टीम द्वारा वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों पर आधारित स्वास्थ्य परामर्श एवं निदान सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिसमें ऑर्गेनिक तरीकों से चिकित्सा और बिना साइड इफेक्ट के उपचार की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर दोनों संस्थाओं के बीच एमओयू की प्रक्रिया भी की जाएगी। शिविर में गीतिका सिंघल, मंजू सिंह, शीतल पांडे, रेनू चौधरी, मंजूलता, रजनी श्रीवास्तव, अंजलि, सोनिका चौधरी, दीक्षा, सुनीता के साथ-साथ शरद कुमार आदि शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment