Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 30, 2026

छात्र जीवन में शिक्षा संवर्धन एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन



रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़ इंटर कॉलेज में बुधवार को“छात्र जीवन में शिक्षा संवर्धन एवं करियर मार्गदर्शन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण एवं भविष्य के करियर के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रबंध संचालक महोदय डॉ. नारायण शरण जी के समक्ष अपने भविष्य एवं करियर से जुड़ी विभिन्न जिज्ञासाएँ एवं प्रश्न प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने मोबाइल की लत से कैसे छुटकारा पाया जाए, पढ़ाई में एकाग्रता कैसे बढ़ाई जाए, आईएएस एवं आईपीएस जैसे प्रतिष्ठित पदों की तैयारी कैसे की जाए, भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारण कैसे किया जाए तथा विद्यालय के पर्यावरण को और अधिक सुंदर एवं स्वच्छ बनाने जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे।


प्रबंध संचालक डॉ. नारायण शरण जी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहज एवं सारगर्भित उत्तर देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा का सदुपयोग करते हुए ज्ञान, संस्कार एवं कौशल के विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए।


इस अवसर पर प्रधानाचार्य मेजर लवकेश कुमार रुहेला ने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त करने तथा अनुभवी व्यक्तित्वों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के अध्यापक श्री दुष्यन्त कुमार ने किया । कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बनाया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here