Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 13, 2026

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इंतज़ार अली का कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

अनम शेरवानी 
नित्य संदेश, मेरठ। जिला कांग्रेस कार्यालय, बुढ़ाना गेट, मेरठ पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त मेरठ जिलाध्यक्ष इंतज़ार अली के स्वागत में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा बुके भेंट कर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंतज़ार अली को अल्पसंख्यक विभाग का जिलाध्यक्ष बनाए जाने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और अल्पसंख्यक समाज के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने में मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इंतज़ार अली संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों और संविधान की रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इसके उपरांत जिला कांग्रेस कार्यालय से गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया।

यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष इंतज़ार अली, कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान, डॉ. यूसुफ कुरैशी, शहजाद यूसुफ कुरैशी, सरदार मनजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम ने कहा कि महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की राह दिखाई। आज आवश्यकता है कि उनके विचार केवल पुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा देश में भाईचारे, सामाजिक न्याय और संविधान की मजबूती का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ अपनी आवाज उठाती रहेगी।

नवनियुक्त अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष इंतज़ार अली ने स्वागत के लिए सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया गया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एकजुट करते हुए संविधान के मूल्यों, सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के साथ-साथ सभी वर्गों के अधिकारों, सम्मान और भागीदारी की आवाज कांग्रेस मजबूती से उठाती रहेगी।

कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान और सामाजिक न्याय का विचार आज भी देश के लिए उतना ही प्रासंगिक है। गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा समाज में एकता, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं और इन अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

शहजाद यूसुफ कुरैशी ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और संविधान में विश्वास को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा के माध्यम से लोगों से महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया जा रहा है।

डॉ. खालिद मुहम्मद खान ने कहा कि इंतज़ार अली को अल्पसंख्यक विभाग का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि इंतज़ार अली लंबे समय से संगठन और समाज के बीच सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और उन्हें मिली यह जिम्मेदारी संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि गांधी और बाबा साहेब के विचार हमें सभी धर्मों और वर्गों के सम्मान, समानता तथा सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाते हैं। आज जरूरत है कि इन विचारों को केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित न रखकर आम जनता के बीच पहुंचाया जाए।

मसीउज्जमा अंसारी ने कहा कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष इंतज़ार अली का जिस गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया है, उससे स्पष्ट है कि कार्यकर्ताओं को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। कांग्रेस संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया जाएगा।

तमजीद अहमद ने कहा कि इंतज़ार अली को नई जिम्मेदारी मिलना कांग्रेस के लिए सकारात्मक कदम है। उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक विभाग को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांधी–अंबेडकर संवाद यात्रा का संदेश आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण है। संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आगे आना होगा।

इस अवसर पर मनजीत कोचर, शहजाद यूसुफ कुरैशी, फहीम अब्बास, कामेश रतन, मतन सिंह डेडा, अभिमन्यु त्यागी, सागर रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here