Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 13, 2026

मेनोपॉज में हर महिला अपने स्वास्थ्य को दे प्राथमिकता : डॉ. प्रियंका गर्ग

न्यूटीमा हॉस्पिटल में महिला स्वास्थ्य एवं मेनोपॉज जागरूकता अभियान, 60 से अधिक महिलाओं को दिया व्यक्तिगत परामर्श

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गढ़ रोड स्थित न्यूटीमा हॉस्पिटल में मेरठ मेनोपॉज सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित महिला स्वास्थ्य एवं मेनोपॉज जागरूकता अभियान में डॉ. प्रियंका गर्ग ने महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों को समझने तथा समय रहते स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का स्वाभाविक चरण है, लेकिन इस दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों के कारण कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सामने आ सकती हैं। ऐसे में महिलाओं को अपनी समस्याओं को छिपाने या नजरअंदाज करने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।


डॉ. प्रियंका गर्ग ने अभियान के दौरान 60 से अधिक महिलाओं को व्यक्तिगत स्वास्थ्य परामर्श दिया। उन्होंने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना और उनकी उम्र व जरूरत के अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, व्यायाम तथा हड्डियों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं में हड्डियों की मजबूती बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए कैल्शियम और आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर आहार के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि को जीवनशैली में शामिल करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को यह भी समझाया कि मेनोपॉज के दौरान नींद में बदलाव, मूड में उतार-चढ़ाव, कमजोरी, गर्मी महसूस होना और वजन में बदलाव जैसे लक्षण हो सकते हैं। यदि कोई समस्या लगातार बनी रहती है या सामान्य से अधिक परेशानी महसूस हो तो चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।


स्वास्थ्य जांच के साथ योग से हुई शुरुआत— अभियान की शुरुआत सूर्य नमस्कार और योग सत्र से हुई। डॉ. उषा शर्मा, डॉ. भारती माहेश्वरी, डॉ. कीर्ति दुबे और डॉ. प्रियंका गर्ग ने महिलाओं को मेनोपॉज से जुड़ी समस्याओं, बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषणयुक्त आहार और हड्डियों की मजबूती पर विशेष जोर दिया। अभियान के दौरान करीब 150 महिलाओं की निशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच तथा करीब 100 लोगों की थायराइड जांच की गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को नियमित जांच कराने और स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों को गंभीरता से लेने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में मेरठ मेनोपॉज सोसाइटी की सचिव डॉ. अंजु रस्तोगी, संयुक्त सचिव डॉ. कनिका सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. अर्चना गोयल,डॉ. अक्षी कंसल सहित अन्य चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here