Breaking

Your Ads Here

Monday, September 7, 2026

कैश लूट का प्रयास करने वाले चार धरे, तीन नाबालिग शामिल; तमंचा और दो बाइक बरामद



गुलाम मोहम्मद

नित्य संदेश, किठौर। थाना क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट से तमंचे के बल पर कैश भरा बैग लूटने का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक बालिग और तीन नाबालिग हैं। पुलिस ने इनके पास से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं।


पुलिस के अनुसार 31 अगस्त को वादी जितेन्द्र निवासी ग्राम लुहारी, बाबूगढ़, हापुड़, जो माइको फ्यूजन फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट है, ने थाने में तहरीर दी थी। उसने बताया कि वह नंगली, शोल्दा, हसनपुर आदि गांवों से कैश कलेक्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम शोल्दा और नंगली के बीच मुख्य मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर उससे कैश बैग छीनने का प्रयास किया। सूचना पर थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली। जांच में अमित उर्फ गोलू पुत्र फकीरचंद निवासी हसनपुर कलां सहित चार आरोपियों के नाम प्रकाश में आए।


इंस्पेक्टर किठौर सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि अमित और एक नाबालिग साथी कलेक्शन एजेंट की रेकी कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट के प्रयास की घटना को अंजाम दिया था। रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में अमित के अलावा तीन नाबालिग हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना का खुलासा करने वाली टीम में एसआई मनदीप त्यागी, एसआई अतुल कुमार, एसआई अजय कुमार, हेड कांस्टेबल नगेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र, राजकुमार, नवीन कुमार और संतोष कुमार शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here