नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मेरठ महानगर द्वारा 29 सितंबर 2026 को ‘स्वयम् हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में होगा।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय नारी की ऐतिहासिक भूमिका, वर्तमान में महिलाओं के योगदान और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भविष्य की भूमिका को लेकर संवाद स्थापित करना है। ABVP महानगर अध्यक्ष डॉ. नेहा गर्ग ने बताया कि सम्मेलन को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, ताकि युवतियों को केवल श्रोता नहीं, बल्कि सक्रिय वक्ता के रूप में मंच मिल सके।
कार्यक्रम की रूपरेखा -
सुबह 10 बजे - उद्घाटन सत्र: नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में उद्घाटन सत्र के साथ सम्मेलन का शुभारंभ होगा। इसमें नारी शक्ति की ऐतिहासिक भूमिका और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रमुख वक्ता अपने विचार रखेंगे।
सुबह 11:30 बजे - शोभायात्रा: उद्घाटन सत्र के बाद छात्राओं द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर लेडीगढ़ चौराहा होते हुए पीवीएस मॉल तक जाएगी। इसके माध्यम से नारी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
दोपहर 1 बजे - खुला मंच: सम्मेलन के अंतिम चरण में खुले मंच का आयोजन होगा, जहां सहभागी युवतियां शिक्षा, महिला नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता, भारतीय संस्कृति और युवा शक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार और अनुभव साझा करेंगी।

No comments:
Post a Comment