Breaking

Your Ads Here

Sunday, September 27, 2026

7 नवंबर को मेरठ आएंगे ओवैसी, वेस्ट यूपी से सियासी जमीन करेंगे तैयार

 


-मेरठ समेत 403 सीटों पर एआईएमआईएम का दावा, सौ सीटों पर चुनाव की घोषणा


लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी में पूरी ताकत झोंकने का ऐलान किया है। पार्टी ने दावा किया है कि वह यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की ओर से 403 में से 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा भी सामने आई है।


पार्टी की तैयारियों के बीच ओवैसी अब खुद मैदान में उतर रहे हैं। इसकी शुरुआत वेस्ट यूपी से होगी। एआईएमआईएम नेताओं ने बाकायदा पोस्टर जारी कर दौरे का ऐलान किया है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने मेरठ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ओवैसी का यूपी दौरा 20 सितंबर को कानपुर से शुरू होगा, इसके बाद 27 सितंबर को श्रावस्ती और 11 अक्टूबर को आजमगढ़ में कार्यक्रम है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह और नवंबर की शुरुआत में मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। 18 अक्टूबर को रामपुर, 25 अक्टूबर को कैराना और शामली, जबकि नवंबर को मेरठ में बड़ी जनसभा प्रस्तावित है।


क्यों वेस्ट यूपी पर नजर?

वेस्ट यूपी ओवैसी का सबसे बड़ा टारगेट है, क्योंकि यहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका में है। आंकड़ों के मुताबिक, मुरादाबाद में 50.80 फीसदी, रामपुर में 50.57 फीसदी, बिजनौर में 43.04 फीसदी, सहारनपुर में 41.97 फीसदी, शामली में 41.73 फीसदी और मुजफ्फरनगर में 41.11 फीसदी, मेरठ में 34.43 फीसदी मुस्लिम आबादी है। इसी समीकरण को देखते हुए एआईएमआईएम इस बार मेरठ-बिजनौर में मजबूत प्रत्याशी तलाश रही है। पार्टी ऐसे चेहरों को तलाश रही है, जिनकी न सिर्फ क्षेत्र में पकड़ हो, बल्कि वे दूसरे वोट भी हासिल करने की क्षमता रखते हों।


सपा के कोर वोटबैंक में सेंधमारी की रणनीति

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ओवैसी की नजर यूपी में अभी तक समाजवादी पार्टी के खाते में जाने वाले मुस्लिम वोटरों पर है। पार्टी की अंदरूनी रणनीति है कि मुस्लिम बहुल सीटों पर ओवैसी खुद रैली करेंगे, जबकि बाकी सीटों पर अन्य राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता मोर्चा संभालेंगे। पार्टी लगातार यह आरोप लगा रही है कि यूपी में पार्टियों ने मुस्लिमों का वोट लिया और उनसे दरी बिछवाई।


गठबंधन पर भी खुला ऑफर

दूसरी तरफ ओवैसी ने कानपुर की जनसभा से गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो भी दल उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना चाहता है, वह एआईएमआईएम के साथ गठबंधन कर सकता है और पार्टी 2 अक्टूबर तक इंतजार करेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here