17 से 30 सितंबर तक परिषदीय विद्यालयों से लेकर उच्च शिक्षा संस्थान तक के छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के तहत योगी सरकार अब बच्चों और युवाओं की कल्पनाओं में बसे भारत को तस्वीर और शब्दों में सामने लाएगी। मेरठ में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 1068 विद्यालयों के करीब 55 हजार विद्यार्थी अपने रंगों से विकसित भारत की तस्वीर उकेरेंगे। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए 17 से 30 सितंबर तक ड्राइंग प्रतियोगिता होगी, जबकि कक्षा नौ से 12 तक के करीब 11 हजार विद्यार्थी 414 विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता के जरिए देश के भविष्य को लेकर अपने विचार रखेंगे। उच्च शिक्षा संस्थानों में पांच स्थानों पर 75 युवा संवाद प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
अभियान के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को देश की पिछले एक दशक की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के चित्रों और युवाओं के विचारों में यह भी सामने आएगा कि वे आने वाले समय में भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
1068 विद्यालयों में 55 हजार बच्चे बनाएंगे सपनों का भारत
कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए 17 से 30 सितंबर 2026 तक ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिले के 1068 विद्यालयों में होने वाली प्रतियोगिता में करीब 55 हजार विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। आयोजन के नोडल अधिकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी होंगे।
विद्यार्थी पिछले 10 वर्षों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों के साथ भविष्य के भारत की अपनी कल्पना को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ चित्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें जिला स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।
कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 414 विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता होगी। इसमें करीब 11 हजार विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक इस आयोजन के नोडल अधिकारी होंगे।
पांच संस्थानों में 75 युवा करेंगे संवाद, विश्वविद्यालय में लगेगी प्रदर्शनी
उच्च शिक्षा स्तर पर जिले के पांच संस्थानों में संवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें करीब 75 युवा अपने विचार रखेंगे। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी इसके नोडल अधिकारी होंगे। श्रेष्ठ ड्राइंग की जनपद स्तरीय प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण समारोह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित किया जाएगा।
जिला स्तरीय आयोजन के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर होंगे। श्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी/मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
No comments:
Post a Comment