Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 23, 2026

सितंबर 2027 में मेडिकल कॉलेज मेरठ करेगा यूपी के ईएनटी विशेषज्ञों के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की मेजबानी


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ सितंबर 2027 में उत्तर प्रदेश के ईएनटी विशेषज्ञों के प्रतिष्ठित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा।


एसोसिएशन ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजिस्ट ऑफ इंडिया (AOI), मेरठ चैप्टर की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता चैप्टर अध्यक्ष एवं नाक, कान एवं गला रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने की। बैठक में चैप्टर सचिव डॉ. शुभम दादू एवं कोषाध्यक्ष डॉ. एकता अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा ईएनटी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


बैठक में डॉ. विनय कुमार, डॉ. पी. पी. वर्मा, डॉ. एस. एस. गोगलानी, डॉ. अभिषेक मोहन, डॉ. रिशभ जैन, डॉ. पुष्कर खरे, डॉ. आंशिक आनंद, डॉ. कपिल सिंह एवं डॉ. मुनज्जम सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने AOI मेरठ चैप्टर को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश के ईएनटी सर्जन्स के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन के मेरठ में आयोजन पर सहमति बनी। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 10, 11 एवं 12 सितंबर 2027 को आयोजित होगा।


सम्मेलन का आयोजन नाक, कान एवं गला रोग विभाग, लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ तथा AOI मेरठ चैप्टर द्वारा संयुक्त रूप से मेडिकल कॉलेज में किया जाएगा। आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सम्पन्न होगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सहित देश-विदेश के प्रतिष्ठित ईएनटी विशेषज्ञों एवं सर्जन्स को आमंत्रित किया जाएगा। विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों, विशेषज्ञ व्याख्यानों, पैनल चर्चाओं एवं कार्यशालाओं के माध्यम से नाक, कान एवं गला रोगों के उपचार में हो रहे नवीनतम अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों तथा अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।


अध्यक्ष डॉ. विनीत कुमार शर्मा ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल वरिष्ठ विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना ही नहीं, बल्कि युवा एवं जूनियर चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान एवं नवीनतम सर्जिकल तकनीकों से रूबरू कराना भी है। यह आयोजन मेरठ के चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा और शहर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख मेडिकल एवं एकेडमिक मंच के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर देगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here