
वायुसेना की सूर्यकिरण टीम दिखाएगी करतब, यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। न्यू टाउनशिप मोहिउद्दीनपुर में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम द्वारा आयोजित होने वाले एयर शो के दृष्टिगत यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 19 और 20 सितम्बर को प्रातः 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार एयर शो देखने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के मार्गों पर बड़ी संख्या में नागरिकों और वाहनों के आने की संभावना है। यातायात को सुचारू और सुरक्षित रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
रूट डायवर्जन व्यवस्था इस प्रकार रहेगी -
1. हरिद्वार-मुजफ्फरनगर की ओर से एनएच-58 से आने वाले भारी वाहन इंटरचेंज के ऊपर से काशी टोल होते हुए मोदीनगर-गाजियाबाद की ओर जा सकेंगे।
2. गाजियाबाद की ओर से किसी भी भारी वाहन को मेरठ की ओर आने की अनुमति नहीं होगी।
3. गाजियाबाद से आने वाले भारी वाहनों को राज चौपला (मोदीनगर) से भोजपुर की ओर डायवर्ट कर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
4. काशी टोल से किसी भी भारी वाहन को मोदीनगर एवं गाजियाबाद की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
5. हापुड़ की ओर से मेरठ आने वाले सभी भारी वाहनों को टियाला अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा।
6. सिवालखास से गेझा रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
7. टीपीनगर गेट, दिल्ली रोड से आने वाले सभी भारी वाहनों को दैनिक जागरण तिराहे से बिजली बंबा बाईपास होते हुए भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 19 व 20 सितम्बर को निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर पुलिस का सहयोग करें।
No comments:
Post a Comment