UPTAC काउंसलिंग के बाद छात्रों में उत्साह, 2002 से गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा दे रहा है विश्वविद्यालय का संघटक संस्थान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET) में आज से बी.टेक प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो गई।
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (AKTU) द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश टेक्निकल एडमिशन काउंसलिंग (UPTAC) के माध्यम से सीट आवंटित होने के बाद विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ संस्थान पहुंचे और प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कीं। रिपोर्टिंग के पहले दिन ही कैंपस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रिपोर्टिंग के दौरान विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, प्रवेश पुष्टि, शुल्क जमा, अकादमिक परामर्श एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार संपन्न कराई जा रही हैं। इस दौरान संकाय सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को संस्थान की आधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति तथा विश्वविद्यालय परिसर की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि SCRIET वर्ष 2002 से विश्वविद्यालय के संघटक संस्थान के रूप में संचालित है और AICTE से अनुमोदित है। संस्थान में वर्तमान में कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, केमिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग में बी.टेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में गिना जाता है।
संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "SCRIET में विद्यार्थियों को केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। हमें विश्वास है कि यहां के विद्यार्थी अपने ज्ञान, अनुशासन और नवाचार से समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।"
उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी संकाय और अत्याधुनिक अधोसंरचना को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आने वाले दिनों में भी नवप्रवेशित विद्यार्थियों की रिपोर्टिंग जारी रहेगी।
No comments:
Post a Comment