Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 29, 2026

दलित महापंचायत से पहले छात्र नेता हाउस अरेस्ट, सियासत गरमाई


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कमिश्नर चौराहे पर प्रस्तावित दलित महापंचायत से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भीम आर्मी छात्र सभा के पश्चिम प्रभारी और छात्र नेता शान मोहम्मद को किठौर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद भीम आर्मी और दलित संगठनों में आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक, दिग्विजय भाटी, मोहित जाटव और रवि गौतम के साथ मारपीट के मामले को लेकर दलित संगठनों ने कमिश्नर चौराहे पर दलित महापंचायत का ऐलान किया था। मांग थी कि आईपीएस अविनाश पांडे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। महापंचायत के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट पर था। इसी बीच शनिवार को किठौर पुलिस शान मोहम्मद के आवास पर पहुंची और उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया।

हाउस अरेस्ट के बाद शान मोहम्मद ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक आवाज को दबा रही है।  शान मोहम्मद ने कहा, "यह तानाशाही सरकार है, जो छात्रों, नौजवानों, दलितों और पिछड़ों का शोषण कर रही है। हम शांतिपूर्ण तरीके से महापंचायत कर न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन हमें घर में ही नजरबंद कर दिया गया।"

वहीं इस मामले को लेकर भीम आर्मी और अन्य दलित संगठनों ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। संगठनों का कहना है कि महापंचायत को रोकने के लिए दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस हाउस अरेस्ट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here