Breaking

Your Ads Here

Friday, August 28, 2026

मेरठ का बल्ला अब लगाएगा ग्लोबल बाजार में चौका

 


-ट्रेड शो में दिखेगा शहर के हुनर का दम, मेरठ के 45 उद्यमी और स्टार्टअप करेंगे प्रतिभाग

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। जिस मेरठ के बल्ले से निकली शॉट की गूंज दुनिया के क्रिकेट मैदानों तक पहुंचती है, अब उसी शहर के उद्यमियों के उत्पाद भी वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। क्रिकेट बैट से फुटबॉल और हैंडबाल तक की खेल सामग्री के साथ गजक-रेवड़ी की मिठास, नानखटाई का स्वाद, मसालों की खुशबू और शहद की मिठास देश-विदेश से आने वाले खरीदारों को आकर्षित करेगी। योगी सरकार की ‘स्थानीय से वैश्विक’ की सोच को आगे बढ़ाते हुए 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मेरठ के 45 उद्यमी और स्टार्टअप अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।


गौरतलब है कि वर्ष 2023 में शुरू हुआ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों के लिए कारोबार और बाजार विस्तार का बड़ा मंच बन चुका है। इसका उद्देश्य ओडीओपी, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप को देश-विदेश के खरीदारों से सीधे जोड़ना है। मेरठ के लिए यह मंच इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां के परंपरागत और आधुनिक दोनों तरह के उत्पादों को बड़े बाजार के सामने पेश करने का अवसर मिलेगा। ‘मेरठ में बना’ उत्पाद अब मेरठ और आसपास के बाजार तक सीमित न रहकर देश-दुनिया में पहुंचे, यही इस आयोजन की सबसे बड़ी संभावनाओं में से एक है। मेरठ को ओडीओपी में खेल उत्पादों के लिए पहचान मिली है। ट्रेड शो में जिले के उद्यमी क्रिकेट बैट, फुटबॉल, हैंडबाल समेत विभिन्न खेल सामग्री और उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे। मेरठ की खेल सामग्री की देश-विदेश में अपनी पहचान है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने सीधे उत्पाद रखने से उद्यमियों को नए बाजार और कारोबारी साझेदार तलाशने का अवसर मिलेगा। योगी सरकार की ओडीओपी नीति का फोकस जिलों की विशिष्ट पहचान वाले उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर है। मेरठ का खेल उद्योग इसी नीति के तहत स्थानीय हुनर को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


गजक-रेवड़ी की मिठास, पहली बार फूड कोर्ट में मेरठ का स्वाद

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में पहली बार ओडीओसी यानी एक जिला, एक व्यंजन के तहत फूड कोर्ट भी लगाए जा रहे हैं। यहां मेरठ के पारंपरिक स्वाद को देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के सामने पेश किया जाएगा। गजक, रेवड़ी और नानखटाई के साथ मेरठ के मसाले और शहद भी आकर्षण का केंद्र होंगे। सरकार की ओर से ओडीओसी के तहत चयनित उद्यमियों को स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय खाद्य उत्पादों को बाजार और छोटे उद्यमियों को अपने कारोबार को विस्तार देने का अवसर मिलेगा।


45 में 30 नए चेहरे, युवाओं के हुनर पर भरोसा

जिला उद्योग केंद्र की ओर से ट्रेड शो के लिए 45 उद्यमियों का चयन किया गया है। खास बात यह है कि इनमें 30 नए उद्यमी हैं, जबकि 2022 से पहले उद्योग स्थापित करने वाले 15 उद्यमी शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में नए उद्यमियों को अवसर देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। चयनित उद्यमियों में 12 ओडीओपी, तीन ओडीओसी और 10 एमएसएमई योजना के तहत शामिल हैं। महिला उद्यमियों और स्टार्टअप को भी मंच दिया जा रहा है। यानी इस बार ट्रेड शो में मेरठ के स्थापित कारोबार की ताकत के साथ नई पीढ़ी के उद्यमियों का आत्मविश्वास और नए उत्तर प्रदेश की कारोबारी ऊर्जा भी दिखाई देगी।


नौ वर्ग मीटर तक का स्टॉल, ओडीओसी को निशुल्क सुविधा

उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडे ने बताया कि चयनित उद्यमियों को नौ वर्ग मीटर तक का स्टॉल उपलब्ध कराया जाएगा। ओडीओसी योजना के तहत चयनित उद्यमियों को स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो मेरठ के उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और नए खरीदारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर देगा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए मेरठ के लिए अवसर केवल उत्पाद प्रदर्शित करने तक सीमित नहीं है। यह स्थानीय हुनर को वैश्विक बाजार, छोटे उद्यम को बड़े खरीदार और नए स्टार्टअप को नई कारोबारी संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में एक और कदम है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here