Breaking

Your Ads Here

Monday, August 3, 2026

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के 52 फाइनलिस्ट इंदौर में

ग्रैंड फिनाले से पहले आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी इंदौर कर रहा जिसमे होगा व्यक्तित्व और नेतृत्व का व्यापक विकास


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। देश की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 अब अपने निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है। देशभर से चयनित 52 प्रतिभाशाली फाइनलिस्ट प्रतिष्ठित ताज के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा में हैं। 


दिल्ली से शुरू हुई ग्रैंड फिनाले की यात्रा, जयपुर में आयोजित सैशिंग सेरेमनी, इंट्रोडक्शन वॉक, स्पीच राउंड और गाला डिनर तथा बेंगलुरु में संपन्न स्विमसूट राउंड के बाद अब सभी फाइनलिस्ट इंदौर पहुँच चुकी हैं। यहाँ वे 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं, जहाँ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की ग्रूमिंग, व्यक्तित्व विकास और प्रोफेशनल रनवे कोचिंग प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागी आधिकारिक फोटोशूट, वीडियो प्रोडक्शन, ओपनिंग नंबर की रिहर्सल, फैशन प्रेजेंटेशन और मंचीय प्रस्तुति से जुड़े विभिन्न सत्रों में भाग लेंगी। साथ ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संचार विशेषज्ञ, लेखक एवं शिक्षाविद् मिहिर मंकड़ द्वारा संचालित विशेष कम्युनिकेशन मास्टरक्लास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस विशेष मास्टरक्लास का उद्देश्य प्रतिभागियों में प्रभावी संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सार्वजनिक वक्तृत्व, स्टोरीटेलिंग तथा मीडिया से संवाद जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं का विकास करना है। संवादात्मक चर्चाओं और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से फाइनलिस्ट्स को अपनी मौलिक एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का आत्मविश्वास के साथ प्रतिनिधित्व कर सकें।

देश की सबसे बड़ी सौंदर्य प्रतियोगिता के इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण चरण की मेजबानी इंदौर द्वारा किया जाना शहर के लिए गौरव का विषय है। यह शिविर केवल प्रतियोगिता की तैयारी नहीं, बल्कि प्रतिभागियों के समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


मिस यूनिवर्स इंडिया के राष्ट्रीय निदेशक निखिल आनंद ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के सभी फाइनलिस्ट इस समय अपनी सबसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इंदौर में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर प्रतियोगिता की यात्रा का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है,जहाँ प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ग्रूमिंग, व्यक्तित्व विकास और मंचीय प्रस्तुति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बेहतरीन संवाद क्षमता किसी भी मिस यूनिवर्स विजेता की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक होती है। हमें प्रसन्नता है कि हमारे फाइनलिस्ट्स को मिहिर मंकड़ जैसे विश्वस्तरीय विशेषज्ञ का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। मिस यूनिवर्स इंडिया में हमारा विश्वास है कि वास्तविक सुंदरता आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता, प्रामाणिकता और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता में निहित होती है। यही गुण एक वैश्विक प्रतिनिधि की पहचान बनते हैं।"


निखिल आनंद ने आगे कहा, मिस यूनिवर्स इंडिया केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जीवन को नई दिशा देने वाला मंच है। यह प्रतियोगियों को केवल ताज जीतने का अवसर नहीं देता, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में विकसित करता है। हमारा उद्देश्य ऐसी प्रतिनिधि का चयन करना है, जो वैश्विक मंच पर भारत की संस्कृति, मूल्यों और आधुनिक सोच का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व कर सके। इस वर्ष प्रतियोगिता में असाधारण प्रतिभाएँ शामिल हैं और हमें पूरा विश्वास है कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।"

आयोजनकर्ता ग्लैमानन्द ग्रुप के निदेशक निशांत आनंद ने कहा, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप आयोजित करने के लिए प्रत्येक चरण की सावधानीपूर्वक योजना बनाई गई है। हमारा प्रयास है कि प्रतिभागियों को ऐसा मंच मिले, जहाँ वे अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकें। इंदौर का यह प्रशिक्षण शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार करेगा।


जनसंपर्क अधिकारी सर्वेश कश्यप ने कहा, मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रत्येक चरण पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इसी मंच ने भारत को सुष्मिता सेन, लारा दत्ता और हरनाज़ संधू जैसी विश्व विजेता प्रतिभाएँ दी हैं, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। आगामी दिनों में फाइनलिस्ट विभिन्न मूल्यांकन चरणों से गुजरेंगी, जिसके बाद 23 अगस्त 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड फिनाले में मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज विजेता के सिर सजाया जाएगा। विजेता आगामी मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।








No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here